जशपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों को देशभर में नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के वीरों का संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है और आज यह दिवस पूरे राष्ट्र के लिए उनके योगदान को नमन करने का अवसर बन गया है।
मंत्री चौधरी जशपुर जिले के बालछापार स्थित सरना एथेनिक रिजॉर्ट में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय महानायकों को याद किया। साथ ही देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिक के परिजनों तथा विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
जशपुर के विकास और शिक्षा पर जोर समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने भारतमाला परियोजना, रेल संपर्क की दिशा में बढ़ते कदम, कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से बनने वाले आधुनिक अस्पताल का जिक्र करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधाएं मिलेंगी।
युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे गांवों से निकलकर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रयास आवासीय विद्यालयों, नालंदा परिसर और जनजातीय विकास विभाग के माध्यम से सिविल सेवा की तैयारी के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता का उल्लेख किया तथा स्वयं 22 वर्ष की उम्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होने का अनुभव साझा किया।
सांस्कृतिक दलों को घोषणा, बेटियों और महिलाओं का सम्मान जनजातीय लोककला को बढ़ावा देने के लिए वित्त मंत्री ने समारोह में प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक सांस्कृतिक दल को स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में गीत प्रस्तुत कर जनजातीय वीरों का स्मरण किया।
इस दौरान विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया गया। साथ ही अंडर-17 और अंडर-19 राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट टीमों में चयनित जशपुर की बेटियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत स्वरोजगार के लिए शकुंतला सिंह को एक लाख रुपये तथा सुमित्रा बेसरा और बंधनी बाई को दो-दो लाख रुपये के ऋण के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा, पद्मश्री जागेश्वर यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
