नई दिल्ली। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश के रक्षा और एयरोस्पेस सेक्टर से एक बेहद उत्साहित करने वाली खबर सामने आई है। जहां एक ओर भारत अपने पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी स्टील्थ फाइटर जेट (AMCA) पर तेजी से काम कर रहा है, वहीं दूसरी ओर देश के निजी क्षेत्र में छठी पीढ़ी (6th Generation) का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान भी आकार ले रहा है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के पूरा होते ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा छह देशों के विशिष्ट क्लब में शामिल हो जाएगा, जिनके पास छठी पीढ़ी की हवाई युद्ध तकनीक मौजूद है। अनुमान है कि यह लड़ाकू विमान साल 2030 तक अपनी पहली उड़ान भर लेगा।
अमेरिकी F-35 से भी आगे होंगे इसके पैरामीटर्स स्वदेशी डिफेंस कंपनी ‘रेफी एमफाइबर’ (Raphe mPhibr) इस अत्याधुनिक फाइटर जेट को विकसित करने में जुटी है। हाल ही में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी समिट के दौरान वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा की। कंपनी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि यह विमान छठी पीढ़ी के सभी वैश्विक मानकों पर खरा उतरता है और कई तकनीकी मोर्चों पर अमेरिका के चर्चित F-35 फाइटर जेट के पैरामीटर्स से भी बेहतर साबित होगा।
12 देशों के विशेषज्ञ और 10 करोड़ डॉलर का निवेश भारतीय वायुसेना की भविष्य की सामरिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस जेट का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में दुनिया के 12 अलग-अलग देशों के अनुभवी एयरोस्पेस इंजीनियर मिलकर काम कर रहे हैं। ड्रोन तकनीक में महारत रखने वाली इस कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में करीब 7 लाख वर्ग फुट में अपनी विशाल निर्माण इकाई (फेसिलिटी) स्थापित की है। विमान के डिजाइन और निर्माण के लिए कंपनी ने 10 करोड़ डॉलर का फंड भी जुटाया है और उसका दावा है कि उसने इस क्षेत्र में दुनिया में सर्वाधिक पेटेंट दायर किए हैं।
AMCA प्रोजेक्ट के लिए जल्द होगा प्राइवेट पार्टनर का चयन दूसरी ओर, भारत के आधिकारिक पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) कार्यक्रम में भी तेजी आ गई है। रक्षा मंत्रालय इसी महीने इसके विकास के लिए तीन प्रमुख औद्योगिक गठबंधनों—एलएंडटी (L&T), भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) में से किसी एक का चयन करने जा रहा है। चयनित कंपनी एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) के साथ मिलकर इस स्टील्थ फाइटर जेट का निर्माण करेगी।
समुद्र के भीतर दुश्मनों की निगरानी करेगा DRDO का ‘वरुण ध्वनि-01’ हवाई ताकत के साथ-साथ भारत अपनी समुद्री सीमाओं को भी अभेद्य बना रहा है। हिंद महासागर में चीनी पनडुब्बियों की बढ़ती गतिविधियों और पाकिस्तान की नौसैनिक तैयारियों को देखते हुए डीआरडीओ (DRDO) ने ‘वरुण ध्वनि-01’ नामक एक खास उपकरण विकसित किया है। कोच्चि स्थित नौसेना प्रयोगशाला द्वारा तैयार किया गया यह यंत्र समुद्र की गहराई में होने वाली हलचल और आवाजों को रिकॉर्ड करेगा और जीसैट (GSAT) उपग्रह के माध्यम से सीधे रक्षा प्रयोगशाला को सिग्नल भेजेगा। इसे जल्द ही दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में तैनात किया जाएगा।
