Home क्राइम चाचा ने 16 साल की भतीजी की हत्या की, दादी पर भी...

चाचा ने 16 साल की भतीजी की हत्या की, दादी पर भी किया हमला; वारदात के बाद कीटनाशक पीया

0

डीडवाना। राजस्थान के डीडवाना जिले के कल्याणपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 40 वर्षीय चाचा ने कथित तौर पर कहासुनी के बाद अपनी 16 साल की भतीजी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची किशोरी की दादी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी खेतों में बेहोशी की हालत में मिला। बताया जा रहा है कि उसने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की।

कहासुनी के बाद किया हमला

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार, 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे खुनखुना थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में हुई। मृतका की पहचान अक्षिता उर्फ मीनू के रूप में हुई है। उसके पिता विदेश में मजदूरी करते हैं, जबकि उसकी मां घटना के समय खेत पर गई हुई थी।

बताया गया है कि आरोपी ओमप्रकाश कुल्हाड़ी लेकर अपने चचेरे भाई भूराराम के घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर उसकी भतीजी से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने किशोरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।

बचाने पहुंची दादी पर भी हमला

घटना के दौरान किशोरी की दादी तुलछा देवी उसे बचाने पहुंचीं। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए कुचामन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। किशोरी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की गई।

खेत में बेहोश मिला आरोपी

वारदात के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। इसी दौरान वह खेतों में बेहोशी की हालत में मिला। उसके पास कीटनाशक का डिब्बा भी मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कीटनाशक पी लिया था।

उसे तत्काल डीडवाना अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे सीकर रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की हालत में सुधार आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version