बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गतौरा में पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने अपने ही 80 वर्षीय बुजुर्ग दादा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि युवक अपनी पत्नी और बच्चों के मायके चले जाने से नाराज था और इसी बात को लेकर उसने नशे की हालत में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मायके जाने से न रोकने पर शुरू हुआ था विवाद
मस्तूरी थाना प्रभारी (टीआई) कपिल चंद्रा से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गतौरा के वार्ड क्रमांक-7 निवासी 80 वर्षीय पंचराम चंद्राकर शुक्रवार दोपहर अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका 35 वर्षीय पोता तुलाराम चंद्राकर (पिता संतोष चंद्राकर) शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। तुलाराम की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी, जिसे लेकर वह काफी गुस्से में था। घर पहुंचते ही उसने दादा पंचराम से इस बात पर झगड़ा शुरू कर दिया कि उन्होंने बहू और बच्चों को मायके जाने से क्यों नहीं रोका।
मारपीट में बुजुर्ग ने मौके पर ही तोड़ा दम
देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी तुलाराम ने अपना आपा खो दिया। नशे की हालत में उसने अपने बुजुर्ग दादा पर लात-घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उम्रदराज होने के कारण पंचराम इस हमले को सहन नहीं कर सके और गंभीर चोटें आने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी पोते को किया गिरफ्तार
शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे आसपास के ग्रामीणों को इस घटना की भनक लगी, जिसके बाद तुरंत मस्तूरी पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पंचनामा कार्रवाई के बाद बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पोते तुलाराम चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली पारिवारिक विवाद के इस दर्दनाक अंत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।

